भूस्खलन के चलते करोड़ों की लागत से निर्मित वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंसा का भवन खतरे की जद में। स
साढ़े चार करोड़ से तैयार की है इमारत
भवन की सुरक्षा के लिए 20 लाख का प्राक्कलन तैयार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंसा का भवन भूस्खलन की जद में आ गया है। वर्ष 2024 की भारी बारिश में डंसा-पनोली सड़क से स्कूल भवन तक जाने वाला संपर्क मार्ग ढह गया था। इसके बाद से स्कूल मैदान की नींव और साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन पर लगातार खतरा बना हुआ है।
स्कूल भवन की छत और वॉश बेसिन से निकलने वाले पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण भूमि कटाव लगातार बढ़ रहा है। लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भवन को नुकसान पहुंच सकता है।
स्कूल प्रशासन ने आपदा प्रबंधन मद के तहत भवन की सुरक्षा और क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा है, लेकिन पिछले दो वर्षों से बजट स्वीकृत नहीं हो पाया है। इसके चलते क्षतिग्रस्त मार्ग पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण और सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है। भूस्खलन की चपेट में स्कूल के समीप स्थित एक रिहायशी मकान भी आ चुका है।
प्रधानाचार्य सहदेव नेगी ने बताया कि भवन की सुरक्षा के लिए 20 लाख रुपये का प्राक्कलन जिला प्रशासन को भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट स्वीकृत होते ही संपर्क मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा दीवार निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। पंचायत के लोगों ने भी सरकार और जिला प्रशासन से शीघ्र बजट स्वीकृत कर स्कूल भवन को सुरक्षित करने की मांग की है।