ेरवा के राणाक्यार में घर बहने के बाद विलाप करती राजू की नन्हीं बेटियां।
- फोटो : RAMPUR-HP
नेरवा (शिमला)। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश से कई लोगों का सब कुछ मलबे में दफन हो गया है। दो वक्त की रोटी के लाले पड़ गए हैं। बच्चों का स्कूल तक जाना बंद हो गया है। नेरवा क्षेत्र की राणाक्यार पंचायत में तबाही का मंजर देख हर किसी का दिल पसीज रहा है। गांव के राजू डोगरा ने बारिश में सब कुछ खो दिया है। तीन नन्हीं बच्चियों का स्कूल बैग, किताबें मलबे में दब गई हैं। ये बार-बार राजू से पूछ रही हैं कि अब स्कूल कैसे जाएंगी। तीनों बार-बार मलबे में दबे बैग और किताबों की ढूंढने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन मलबे में कीचड़ के अलावा कुछ हाथ नहीं आ रहा है। इनके सिर से छत छिन गई है।
सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की सान्वी के अनुसार अब वह न तो अपने घर के उस कमरे में पढ़ाई कर पाएगी और न ही सो पाएगी। सब कुछ बह जाने से उसकी पढ़ाई पर भी सवालिया निशान लग गया है। तीसरी कक्षा में पढ़ रही सान्या ने कहा कि क्या अब हमारा घर फिर से बन पाएगा? सान्वी अभी भी नाले के मलबे में अपनी किताबें, वर्दी और स्कूल बैग तलाश रही है। तीनों बहनें घर का मलबा पलटकर किताबें, वर्दियां और अन्य समान की तलाश कर रही हैं। तीनों बेटियां अपने पिता से एक ही सवाल कर रही हैं कि अब वो कहां रहेंगी? कहां सोएंगी? बाढ़ से हुई भारी तबाही के चलते राजू डोगरा का मकान बाढ़ की चपेट में आ गया था। मकान की जगह पर अब केवल मलबा ही दिख रहा है।