रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले लालसा में एक व्यक्ति के साथ कार चालक और उसके साथी ने मारपीट की है। इसमें व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस ने सुंडा गांव के पांच लोगों पर कर्फ्यू की उल्लंघना करने पर भादंसं की धारा 188 और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक रमेश कुमार पुत्र ज्योति लाल, गांव सुंडा, डाकघर खनेरी, तहसील रामपुर, जिला शिमला ने आरोप लगाया कि बीते शनिवार सुबह नौ बजे जब वह लालसा से अपने घर सुंडा की ओर जा रहा था। वह जब जीरो प्वाइंट शनेरी पहुंचा तो एक तेजरफ्तार कार नंबर एचपी 26 ए 2309 उससे टकरा गई और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार चालक और उसका दोस्त कार से नीचे उतरे और उसके साथ मारपीट की। इस घटना में उसे काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मारपीट का मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे मामले में जब हेडकांस्टेबल डोला रामपुर उपमंडल की रचोली पंचायत के सुंडा में गश्त कर रहा था तो यहां पांच व्यक्ति आपस में झगड़ रहे थे। पुलिस ने सुंडा गांव के रमेश चंद, शिशुपाल, हरीश, सतीश कुमार और सुरेंद्र पाल के खिलाफ कर्फ्यू का उल्लंघन करने और आपदा प्रबंधन अधिनियम की अवहेलना करने पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मामलों में कर्फ्यू का उल्लंघन किया गया है। पुलिस छानबीन में जुटी है। उन्होंने उपमंडल के लोगों से अपील की कि वे बिना वजह घर से बाहर न निकलें। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।