मंदिर की चोटी पर पूजा-अर्चना के बाद देवता साहिब मंदिर में हुए विराजमान
हजारों लोग बने साक्षी, सुख-समृद्धि का लिया आशीर्वाद
आज देव विदाई के साथ संपन्न होगा धार्मिक अनुष्ठान
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल क्लींड पंचायत के गुठान स्थित प्रसिद्ध देवता डोमेश्वर महाराज के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण हुई। इस पावन अवसर के साक्षी बनने के लिए कई देवी-देवता और हजारों की संख्या में कलैणे और मेहमान मंदिर परिसर में मौजूद रहे। मंदिर की चोटी पर पूजा-अर्चना के बाद देवता मंदिर में विराजमान हुए। प्राचीन मंदिर के नवीनीकरण का कार्य पिछले पांच साल से चल रहा था। देव मंत्रों और वाद्य यंत्रों के साथ कई घंटे चले इस कार्यक्रम के साक्षी हजारों लोग बने। देवता डोमेश्वर के इस आयोजन में कई देवता आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें देवता डोमेश्वर बमनोल चौपाल, देवता डोमेश्वर कुथिल सिरमौर, देवता डोमेश्वर मौठ सिरमौर, देवता डोमेश्वर कथोड़ी चौपाल, देवता डोमेश्वर कदोग सुन्नी, देवता डोमेश्वर धनच सिरमौर और देवी कोटेशवरी माता खशधार शामिल हैं। ये सभी देवी-देवता शुक्रवार को गुठान पहुंचे, जिनका भव्य स्वागत किया गया। रविवार को सभी देवी-देवताओं और विभिन्न देवठियों से आमंत्रित कारदारों की विदाई के साथ ही यह भव्य देव आयोजन संपन्न होगा।
इस मौके पर पुलिस ने विशेष रूप से ट्रैफिक प्लान तैयार किया था। शनिवार सुबह से ही मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस के जवान ड्यूटी पर तैनात रहे। दोपहर होते-होते मंदिर परिसर में श्रद्धा का सैलाब अपने पूरे चरम पर था। देवताओं के साथ आए कलैणे और लोगों ने मिलकर देव धुनों पर पारंपरिक देव नृत्य किया। इस छटा को देखने वाला प्रत्येक व्यक्ति आत्म विभोर और प्रसन्न दिखाई पड़ रहा था।
बॉक्स
दूर-दूर से बहनें और बेटियां पहुंचती हैं अपने मायके
देव परंपरा से जुड़े इस अद्भुत मौके पर अपने इष्ट के समक्ष शीश नवाने के लिए दूर-दूर से क्षेत्र की बेटियां विशेष रूप से अपने मायके पहुंचती हैं। वैसे तो मंदिर कमेटी की ओर से प्राण प्रतिष्ठा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और खाने-पीने का इंतजाम किया गया है, लेकिन स्थानीय लोग इन मेहमानों को अपने घरों में ले जाकर उनका खूब आदर सत्कार कर रहे हैं।