रामपुर बुशहर। रामपुर में बुशहर मार्किट में रविवार देर रात आग लगने से करीब 30 रुपये का नुकसान हो गया। आग ने पल भर में ही मार्किट में लाखों का सामान राख कर दिया। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात करीब एक बजे आग लगी। बताया जा रहा है कि दो शराबी रात को आग जलाकर वहां बैठे थे। उनकी ओर से यहां पर जलाई गई आग आगे फैल गई। अग्निकांड में 13 छोटे-छोटे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। सात अन्य दुकानों को आंशिक तौर पर नुकसान हुआ है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों को जैसे ही आग लगने का पता चला तो अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी और रात को ही आग पर काबू पा लिया गया। यदि आग बुझाने में देरी लगती तो रिहायशी घरों को भी नुकसान हो सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। बुशहर मार्किट को नगर परिषद रामपुर की ओर से स्थापित किया गया है। तहसीलदार विपिन ठाकुर ने मौके का जायजा लिया। साथ ही नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक सूद व पार्षद पंकज शर्मा भी मौके पर पहुंचे। प्रभावितों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। प्रशासन की तरफ से आग के प्रभावित दुकानदारों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार की राशि दी गई। आंशिक रूप से प्रभावितों को तीन-तीन हजार रुपये मौके पर दे दिए गए। आगजनी के सूचना के बाद भाजपा मंडल रामपुर के कार्यकर्ता ने भी प्रभावितों की मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रामपुर शशिभूषण, मीडिया प्रभारी सुधांशु कपूर, मनोज अग्रवाल और श्याम मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। उधर, तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने बताया कि बुशहर मार्किट में देर रात आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावितों को फौरी राहत दे दी गई है।
इन दुकानदारों को नुकसान
आग से सुंदरदासी, दिलाराम, पुष्पा देवी, उमा देवी, देवी डोलमा, कामिनी, डीकी डोलमा, पदमराम, मंगतराम, खेमराज चड्डा, नरेंद्र, मधु नेगी, कमलेश, मदन, भूषण, कमला देवी, भोगा देवी, पूजा देवी, बाल कृष्ण का समान जला।