अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई।
देवरी खनेटी के समीप बोंह गांव में बुजुर्ग की हत्या के आरोपियों का सुराग तलाशने के लिए फॉरेंसिंक टीम मौके पर पहुंच गई है। बुजुर्ग की कमरे में संदेहजनक मौत के बाद एसपी सौम्या सांबशिवन ने मंगलवार रात बोंह गांव पहुंच कर घटना स्थल कर दौरा किया है। पुलिस को बुजुर्ग की हत्या का शक प्रवासी मजदूर पर है लेकिन इसका पुख्ता सुराग नहीं मिल रहा। आरोपी मजदूर को सोमवार सुबह बुजुर्ग के साथ देखा गया था। इसके बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दिया है।
जांच के दौरान बुधवार को पुलिस ने कमरे से एक हथोड़ा बरामद किया है। बुजुर्ग की सिर पर उसी हथौडे़ से वार किए गए। फॉरेंसिंक टीम ने डीएसपी बलबीर जस्वाल के साथ मौके पर पहुंच कर हत्या के सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस को हत्या का शक प्रवासी मजदूर पर है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि हत्या सोमवार रात को की गई। शव को मंगलवार शाम को देखा गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटखाई अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से डॉक्टर ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है।
बोंह गांव में 71 वर्षीय बुजुर्ग प्रेम दास दुकान चलाता था। दुकान की ऊपर वाली मंजिल में वह अकेले रहता था।
उसके बेटे गांव में रहते थे। मंगलवार शाम बेटे बलबीर दिल्टा ने दुकान बंद पाई। दुकान की चाबी सामने सड़क पर मिलने के बाद बेटे ने ऊपर की मंजिल के कमरे में देखा तो उनके पिता प्रेम दास को मृत पाया। वहां पर कांच की खाली और टूटी बोतलें पड़ी थी। बुजुर्ग के सिर पर चोट के निशान और कमरे में खून था। बुजुर्ग के बेटे ने घटना का सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मंगलवार देर शाम कोटखाई थाने की पुलिस टीम और डीएसपी ठियोग मौके पर पहुंचे। डीएसपी बलबीर जस्वाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास तेज गए गए है। हत्या का शक प्रवासी मजदूर पर है।
मजदूर पर इसलिए शक
आरोपी प्रवासी मजदूर एक सप्ताह पहले ही गांव में आया था। वह गांव में ही किसी के घर पर ठहरा था। सोमवार शाम को वह ये कह कर गया कि वह खाना कहीं और जगह खा लेगा। जिस व्यक्ति के घर में आरोपी रहता था वहां से वह हथोड़ा भी ले गया। सोमवार को आरोपी मजदूर को बुजुर्ग के पास देखा गया था। हत्या वाली जगह पर हथोड़ा बरामद होने से शक की सूई मजदूर के ऊपर घूम रही है।