किन्नौर जिले को शौंगटोंग
में बस पलटी, 15 घायल
घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया रिकांगपिओ अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। बुधवार शाम को किन्नौर जिले के शौंगटोंग के पास रिकांगपिओ डिपो की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में सवार 37 सवारियों में से चालक सहित 15 यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के घायलों को उपचार के लिए रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया गया है।
पुलिस थाना रिकांगपिओ के तहत आने वाले शौंगटोंग में परिवहन निगम की बस नंबर एचपी 25ए 3327 शाम चार बजे शौंगटोंग के पास अचानक अनियंत्रित हो कर सड़क पर ही पलट गई। परिवहन निगम रिकांगपिओ डिपो की बस दिल्ली से रिकांगपिओ की ओर जा रही थी कि शौंगटोंग पुल के पास छोटे वाहन को पास देते समय बस पलट गई। बस पलटने से 15 सवारियां घायल हो गई हैं और अन्य 10 को मामूली चोटें आईं हैं।
घायलों को शौंगटोंग स्थित आर्मी मेडिकल कॉर की टीम की ओर से प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस और पटेल कंपनी के रोगी वाहनों के माध्यम से रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बस पलटने की सूचना मिलते ही उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद और एसडीएम कल्पा मेजर अवनिंद्र कुमार घायलों का हाल जानने रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचे। सभी घायल यात्रियों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों को प्रशासन की ओर से पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
एसडीएम कल्पा मेजर अवनिंग कुमार ने बताया कि दिल्ली से रिकांगपिओ आ रही रिकांगपिओ डिपो की बस पलटने से 15 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। घायलों को प्रशासन की ओर से पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है।