शादी समारोह से लौट रहे युवक की खाई में गिरने से मौत
सिर के बल गिरने से टूटी गर्दन की हड्डी, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल की कुंगश पंचायत के विनन गांव के 23 वर्षीय युवक की शुक्रवार देर रात खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच का युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक रॉकी उर्फ रवि पुत्र हेत राम शुक्रवार को विनन गांव से कमांद में शादी समारोह में गया था। शादी से देर रात वह वापस घर जा रहा था कि करीब सवा 11 बजे कमांद से कुछ दूरी पर चलौहन नामक स्थान पर खाई में गिर गया। मृतक सिर के बल गिरा, जिससे उसकी गर्दन की हड्डी टूट चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने रात को ही उसे सिविल अस्पताल आनी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर आशीष शर्मा ने बताया कि आनी पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है ।