कार अनियंत्रित होकर सड़क
से नीचे गिरी, एक की मौत
मुनिश पंचायत के लिए बनाई गई है संपर्क सड़क
शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की मुनिश पंचायत के लिए बनी संपर्क सड़क पर रविवार देर शाम को एक कार अचानक सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम कार नंबर एचपी-6ए9639 में पद्म सिंह पुत्र बहादुर सिंह निवासी मुनिश डॉ. बाहली तहसील रामपुर अपने घर की ओर जा रहे थे कि गांव पहुंचने से पहले कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में पद्म सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को कार से बाहर निकाला और सोमवार सुबह पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंपा। सूचना मिलते ही प्रशासन की ओर से तहसीलदार विपिन ठाकुर ने मौके पर जाकर परिजनों को 10 हजार रुपये फौरी राहत दिए। इस संबंध मेें डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 279,304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया है।