रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत न्यू निरसू में शुक्रवार देर रात को ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा दो अन्य बाइक सवार लोग घायल हो गए, जिनका उपचार रामपुर के खनेरी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक बाइक नंबर एचपी 06ए-2686 दत्तनगर से रामपुर की ओर रही थी और इस पर तीन लोग सवार थे। ट्रक नंबर एचपी-06ए-2114 रामपुर से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। न्यू निरसू के पास दोनों आपस में टकरा गए। थाना प्रभारी मनीष चौधरी ने बताया कि हादसा शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुआ। हादसे में चालक पुना राम निवासी गांव नौरा (नौणी) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डोला राम निवासी हुड़का, तहसील निरमंड और करण नेगी निवासी बरी (किन्नौर) घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को खनेरी अस्पताल पहुंचाया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। डीएसपी रामपुर देवकुमार नेगी ने हादसे की पुष्टि की। कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।