अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई (रोहड़ू)।
ठियोग-हाटकोटी सड़क पर हुली के पास वीरवार रात 12 बजे बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत और दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल और शव को बाहर निकाला। घायल को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो (एचपी 63-8648) ठियोग से बाघी की ओर जा रही थी। इस दौरान जीप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में चालक पवन मेगटा (26) पुत्र मिच्छू राम निवासी करयाली तहसील ठियोग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार (29) पुत्र आत्मा राम निवासी बसाधार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को आईजीएमसी रेफर कर दिया। पुलिस को हादसे की सूचना शुक्रवार सुबह छह बजे मिली। उधर, थाना प्रभारी कोटखाई परमजीत सेन बताया कि युवक का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।