कूट परियोजना के कामगारों पर
सुपरवाइजर से मारपीट का आरोप
पांचों मजदूरों को कोर्ट ने शुक्रवार तक पुलिस रिमांड में भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। झाकड़ी थाना के अंतर्गत आने वाली कूट परियोजना के कामगारों और परियोजना के सुपरवाइजर के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों तरफ से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। झाकड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार दुर्गम क्षेत्र में बन रही कूट परियोजना से सूचना मिलते ही झाकड़ी से एसएचओ ओम प्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी के साथ मारपीट कार्यालय में घुसकर धक्कामुक्की, गाड़ी की चाबी ले जाने और दो हजार रुपये छीनने के आरोप में कंपनी के पांच कर्मचारियों को हिरासत में लिया। हिरासत में लेने से पहले दोनों पक्षों का मेडिकल करवाया गया। पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर नंदलाल, अशोक, कृष्ण, विनोद और शमशेर सिंह को हिरासत में लिया। पुलिस ने बुधवार को पांचों को कोर्ट में पेश किया जहां पांचों को शुक्रवार तक के पुलिस रिमांड में भेज दिया। इस संबंध में डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि हिरासत में लिए पांचों आरोपियों को कोर्ट ने शुक्रवार तक के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया है और मामले की पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है।