अमर उजाला ब्यूरो
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)।
पुलिस थाना ननखड़ी के खमाड़ी निवासी मोडू राम ने 28 फरवरी को पुलिस थाना ननखड़ी में अपने गांव के एक व्यक्ति पर मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का मामला दर्ज करवाया था। उसने आरोप लगाया है कि अभी तक स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। मोडू राम ने पुलिस अधीक्षक शिमला से न्याय की गुहार लगाई है।
मोडू राम ने पुलिस अधीक्षक शिमला को भेजे शिकायत में कहा कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखता है। 28 फरवरी को उसके गांव के स्वर्ण जाति से संबंधित मोहन चौहान ने उसके साथ मारपीट की और उसे जाति सूचक शब्द कहे। इस बारे में ननखड़ी में थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई। इसमें कहा गया है कि मोहन लाल का भेडू उसके खेत में फसल को खा रहा था, जब मोडू राम ने उसे भगाने की कोशिश की तो मोहन चौहान ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और अपशब्द भी कहे। ननखड़ी थाने से मामला पुलिस उप अधीक्षक रामपुर को भेजा गया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि रामपुर पुलिस को मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश जारी करें।