ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। नेशनल हाईवे-पांच पर डैड ज्यूरी में बोलेरो जीप के गहरी खाई में गिर जाने के कारण चालक की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वीरवार सुबह करीब नौ बजे बोलेरो जीप नंबर एचपी 01एए, 0139 किन्नौर से ज्यूरी की तरफ आ रही थी। सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्यूरी के समीप डैड ज्यूरी में गाड़ी अनियंत्रित होकर नेशनल हाइवे से करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयंकर था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सतलुज नदी के करीब जा पहुंची।
गाड़ी को गिरते देख राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जा रहे लोगों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही ज्यूरी पुलिस चौकी प्रभारी चमन नेगी और हेड कांस्टेबल जगदीश नेगी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहीं किसी ने ज्यूरी स्थित आईटीबीपी की 43वीं बटालियन के मुख्यालय में भी दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही कमांडेंट वीवी नेगी ने सीएमओ डॉ. पवन और सहायक कमांडेंट गोविंदा यादव की अगुवाई में चिकित्सा सामग्री सहित राहत टीम को भी घटना स्थल को रवाना किया।
आईटीबीपी की रेस्क्यू टीम ने पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से मृत चालक पवन (26), पुत्र कमल दास, गांव तलारा के शव को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर पहुंचाया, जहां से शव को एंबुलेंस से पीएचसी ज्यूरी पहुंचाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से परिजनों को दस हजार रुपये की राशि फौरी राहत दी गई। डीएसपी अभिमन्यु वर्मा के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।