अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर में वीरवार को माकपा ने रैली निकालकर चुनावी हुंकार भरी। एनएच पांच पर माकपा के कार्यकर्ताओं ने खोपड़ी मंदिर परिसर से करीब 11:30 बजे रैली निकाली। यहां पुरोहित मंदिर में पहुंचकर एक जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में माकपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वहीं केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। रैली मंडी लोकसभा क्षेत्र के सीपीआईएम प्रत्याशी दलीप सिंह कायथ के समर्थन में निकाली गई। रैली के बाद बाजार स्थित पुरोहित मंदिर में जनसभा को विभिन्न माकपा नेताओं ने संबोधित किया। सीपीआईएम पोलित ब्यूरो सदस्य सुभाषिनी अली ने जनसभा में संबोधित किया। फिर इसके बाद जनसभा को ठियोग कुमारसैन के विधायक राकेश सिंघा, माकपा राज्य सचिव डॉ. ओंकार शाद, पार्टी प्रत्याशी दलीप सिंह कायथ ने संबोधित किया। इस मौके पर विजेंद्र मेहरा, बलवीर पराशर, बिहारी सेवगी, तुला राम, प्रेम सिंह चौहान, विक्रम कायथ, आशु भारती, दिनेश मेहता, दयाल सिंह, ओमप्रकाश भारती, रंजीत ठाकुर आदि मौजूद रहे।