ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस थाना ठियोग के तहत आने वाले जैस में पुलिस की टीम ने नाके के दौरान अवैध रूप से ले जाए जा रही तंबाकू की एक बड़ी खेप को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ठियोग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देकर शाम करीब छह बजे ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर पुलिस ने यातायात नाका लगा रखा था। थाना प्रभारी लायक राम चौहान, आरक्षी प्रवीण कुमार, मुख्य आरक्षी राजेश ने नाके दौरान शिमला की ओर से आ रही एक मारुति वैन संख्या एचपी 63-6553 को तलाशी के लिए रोका।
तलाशी के दौरान उन्होंने गाड़ी से सात बोरी तंबाकू पकड़ा गया। पुलिस ने अनिल कुमार शुक्ला निवासी रिवोली रोड़ लक्कड़ बाजार शिमला के खिलाफ कोटपा एक्ट 2003 के तहत चालान कर मामला दर्ज किया है।
डीएसपी ठियोग कुलविंदर सिंह ने बताया कि तंबाकू पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। पकड़ा गया आरोपी इस खेप को छैला गुम्मा कोटखाई के दुकानदारों को बेचने वाला था। इस खेप के बाद ठियोग पुलिस ने दुकानों में छापा मारकर और खेप को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर सकती है।
इस आरोपी को बीएमओ मतियाना के कार्यालय में पेश कर पकड़ी गई खेप को नष्ट किया जाएगा। आरोपी पर जुर्माना भी किया जा सकता है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।