लूहरी में छह ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
रविवार रात लूहरी के पास नाके में मिली सफलता
आरोपी को आज कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन थाना के तहत लूहरी में एक युवक को पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात को पुलिस ने लूहरी के पास नाका लगाया था। इस दौरान रविवार देर रात 1:50 मिनट पर एक व्यक्ति पुल पर टॉर्च की रोशनी में आ रहा था। जैसे ही उसने पुलिस को देखा तो भाग गया। उसके बाद पुलिस ने उसका पीछा करते हुए करीब 20 मीटर की दूरी पर पकड़ लिया। युवक ने एक बैग सड़क के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उससे 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसकी पहचान चंद्र नेगी (29), गांव खोडी, डाकघर कुंगल-बाल्टी, तहसील ननखड़ी के तौर पर हुई है। पुलिस उपरोक्त व्यक्ति को सोमवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
वहीं इस संबंध में डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा के अनुसार पुलिस ने लूहरी में एक युवक को 6 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।