छह ग्राम चिट्टे के साथ धरे दो युवक
मंगलवार सुबह 1:30 बजे खोपड़ी में नाके के दौरान पकड़ा चिट्टा
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर। ऊपरी शिमला में सफेद नशे का धंधा थमने के नाम नहीं ले रहा। मंगलवार सुबह करीब 1:30 बजे रामपुर पुलिस ने गश्त के दौरान दो युवाओं से छह ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को रामपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले खोपड़ी में मंगलवार सुबह डेढ़ बजे हेडकांस्टेबल कुलदीप कुमार की अगुवाई में पुलिस ने नाका लगा रखा था। इतने में यहां से एक कार संख्या एचपी 95-6055 आई, जिसे पुलिस ने शक के आधार पर रोका। पुलिस ने कार में सवार निशांत वर्मा (24), पुत्र रंजीत सिंह, गांव नाहल, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला और रोहित (18), पुत्र पूजा राम, गांव बायल, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू की जब तलाशी ली तो उनसे 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्त में लेकर रामपुर पुलिस थाना पहुंचाया और एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/29 के तहत मामला दर्ज किया। मंगलवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो युवकों से छह ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामला दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि काले कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा।