मुंडली के धारपोश गांव में आग से जीवन भर की पूंजी हो गई राख
दीपक सूद
रोहड़ू। नेरवा की मुंडली पंचायत के धारपोश गांव की दुरमा और उसके बेटे नाथू लाल के परिवार के सिर से कड़ाके की ठंड में छत छिन गई है। मंगलवार रात आग की घटना में दुरमा देवी और नाथू लाल का चार कमरों में का मकान जल गया। अंदर रखे आभूषण, नकदी सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया था। पल भर में जीवन भर की पूंजी आग की भेंट चढ़ गई थी। परिवार के सदस्यों के पास तन पर कपड़े बचे हैं। अग्निकांड पीड़ित इस परिवार ने बुधवार की रात कड़ाके की ठंड में पांच छोटे बच्चों के साथ तिरपाल के नीचे काटी है।
ग्राम पंचायत मुंडली के उपप्रधान गोविंद नारटा ने बताया कि पंचायत के लोग प्रभावित परिवार के साथ खड़े हैं तथा उनकी हर संभव मदद कर रहे हैं। प्रशासन ने भी परिवार को सरकारी मैन्युअल के अनुसार मदद दी है। गोविंद ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि परिवार के पुनर्वास के लिए शीघ्र उचित सरकारी सहायता प्रदान की जाए। घर की मुखिया दुरमा देवी ने कहा कि आग ने सब कुछ बरबाद कर दिया है। सामान के साथ अंदर रखे कई दस्तावेज भी जल गए हैं।
---
मंगलवार को राख हो गया मकान
मंगलवार रात दुरमा देवी और नाथू लाल का चार कमरों का मकान जलकर राख हो गया था। अग्निकांड पीड़ित नाथू राम ने बताया कि आग में मकान राख के ढेर में तबदील हो गया है। आठ सदस्यों का परिवार फिलहाल आसमान के नीचे आ गया है।