नेरवा (रोहड़ू)। नेरवा स्थिति यूको बैंक की शाखा में एक व्यक्ति के खाते से शातिरों ने करीब 34 हजार रुपये की नकदी उड़ा ली। शातिरों ने खाताधारक से फोन पर बैंक अधिकारी बनकर बात की। डेबिट कार्ड का पासवर्ड नंबर मांगा। पासवर्ड नंबर देने के कुछ मिनटों बाद खाते से नकदी साफ हो गई। खाताधार की ओर से पुलिस में शिकायत पत्र दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तरशाणु गांव निवासी विनिया मीन के मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से फोन आया। अज्ञात कॉल मोबाइल नंबर +918651015729 से की गई थी। फोन पर शातिरों ने विनिया मीन को बताया कि वह बैंक का अधिकारी बोल रहा है। आप के फोन पर बैंक की ओर से एक छह अंकों का पासवर्ड भेजा गया है, वह शीघ्र नोट करवाओ। जब तक आप पासवर्ड नोट नहीं करवाएंगे आप का डेबिट कार्ड मान्य नहीं होगा। गुज्जर समुदाय के भोले भाले व्यक्ति ने शातिरों की बातों में आकर अपने डेबिट कार्ड का पासवर्ड दे दिया। पासवर्ड देने के बाद कुछ ही मिनटों में विनिया मीन के मोबाइल पर उसके खाते से 29 हजार 999 रुपये निकाले जाने का मेसेज आ गया। खाते से रकम निकलने पर उसका माथा ठनका व वह बैंक की ओर दौड़ा। जब तक वह बैंक में पहुंचा तब तक शातिरों ने उसके खाते से चार हजार रुपये और उड़ा लिए। अब उसके खाते में मात्र छह हजार रुपये ही बचे थे। उसने आनन फानन बैंक की शाखा में पहुंच कर सबसे पहले अपने खाते को लॉक करवाया। इस प्रकार उसके खाते में बचे छह हजार रुपये तो लूटने से तो बच गए। लेकिन तब तक वह 34 हजार रुपये से हाथ धो चुका था। उधर, एसएचओ नेरवा फूल चंद ने बताया कि विनिया मीन ने थाने में शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति कॉल कर खाते की निजी जानकारी मांगे अथवा किसी भी प्रकार की लाटरी लगने की बात कहे तो ऐसी कॉल अथवा मैसेज को कोई भी अहमियत ना दें।