नेरवा बाजार में पांच दुकानों
से लाखों का सामान चोरी
वीरवार रात चोरों ने वारदात को दिया अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
नदी के किनारे डेरा लगाने वाले लोगों से पूछताछ जारी : एसएचओ
दावा : डेरों के समीप पुलिस ने चोरी का कुछ सामान किया बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नेरवा। स्थानीय बाजार में बीती रात पांच दुकानों के ताले टूटने से हड़कंप मच गया है। चोरों ने रेडिमेड गारमेंट के एक शोरूम, एक हार्डवेयर की दुकान से सामान, दो आभूषण विक्रेताओं की दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, चांदी और अन्य सामान चोरी किया है। सूचना के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को चोरों ने डुंडी माता मंदिर के समीप नेरवा बाजार में पांच दुकानों के ताले तोड़े। वारदात के दौरान चोरों ने नेरवा-शिहकयार मार्ग पर एक हार्डवेयर की दुकान से रंग, फेविकोल और तारपीन का तेल, रेडिमेड गारमेंट के एक शोरूम से करीब तीस हजार रुपये के कपड़े चोरी किए। इसके साथ ही डुंडी माता मंदिर के समीप एक हार्डवेयर व दो आभूषण विक्रेताओं की दुकानों के ताले तोड़ कर 50 ग्राम चांदी व करीब दस हजार रुपये चोरी किए हैं। प्रभावितों ने इसकी शिकायत नेरवा पुलिस थाने में की। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
एसएचओ नेरवा कुलवंत कंवर के अनुसार नदी के किनारे डेरा लगाने वाले कुछ लोगों से शक के आधार पर पूछताछ की गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को इन डेरों के समीप से चोरी किया गया कुछ सामान भी मिला है। मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिस स्थान पर इन लोगों ने डेरे लगाए हैं उसके समीप से ही पुलिस ने रेडीमेड की दुकान से चुराए गए जैकेट, जींस, टॉप, लोअर और एक कैप भी मिली है। पुलिस डेरों से फरार हुए लोगों की तलाशी में जुटी है।