हादसे में चालक की मौत, एक युवक घायल
तकलेच के करेरी गांव में रात को मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर बुशहर।
पुलिस चौकी तकलेच के करेरी गांव में एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई, जबकि हादसे में एक अन्य युवक घायल हो गया है। घायल को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दो युवक वीरवार रात करीब नौ बजे देवठी से करेरी की ओर मोटरसाइकिल नंबर एचपी 06ए 4256 पर आ रहे थे।
करेरी गांव के पास चालक के अचानक नियंत्रण खोने से मोटरसाइकिल सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही तकलेच से पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। मृतक और घायल को मौके से बाहर निकाला। हादसे में मोटरसाइकिल चालक विनोद कुमार (28) पुत्र पूर्ण सुख निवासी गांव अनुराक्षी तहसील रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र मेहता (27) पुत्र राम सेन निवासी गांव परोग, तहसील रामपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को खनेरी अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी ने हादसे की पुष्टि की। कहा कि पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।