खाई में गिरा वाहन, तीन गंभीर घायल
एनएच-पांच पर नारकंडा में बुधवार सुबह हुआ हादसा
वाहन में सवार थे पांच लोग, तीन आईजीएमसी रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। पर्यटन नगरी नारकंडा में डोगरा सेब मंडी के पास बोलेरो गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को नारकंडा अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह बोलेरो कार नंबर एचपी 02-0550 एनएच-पांच से अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी। बोलेरो में पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन को ज्यादा चोटें आईं हैं और प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को शिमला रेफर कर दिया गया है। यह बोलेरो शिमला से रामपुर की ओर जा रही थी। थाना प्रभारी कुमारसैन फूल चंद ने बताया कि इस गाड़ी में चालक मेध सिंह, पुष्पा देवी, रामलाल, सुरेंद्र और महेंद्र सवार थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल महेंद्र, पुष्पा और सुरेंद्र को शिमला रेफर कर दिया है। कुमारसैन थाना प्रभारी फूल चंद ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।