किशोरी अपहरण मामले में आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
तावडू। उपमंडल की एक नाबालिग के अपहरण की रिपोर्ट लिखे जाने के एक हफ्ते बाद भी पुलिस न तो आरोपियों को गिरफ्तार कर पाई है और न ही किशोरी को बरामद कर पाई है, जिसको लेकर परिजनों में पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। पीड़िता के पिता ने स्थानीय पुलिस से लेकर आला अधिकारियों तक गुहार लगा चुका है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उचित कार्रवाई न होते देख पीड़ित परिवार व ग्रामीणों में पुलिस के प्रति रोष है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराज ग्रामीण पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये को लेकर विरोध प्रदर्शन पर उतारू हो सकते हैं। गत 13 नवंबर को निकटवर्ती गांव के ही चार आरोपी उपमंडल के एक गांव से एक नाबालिग का घर से अपहरण कर ले गए। इस मामले में 15 नवंबर को पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। किशोरी को बरामद करने के लिए पंचायतें भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपहरण मामले में अभी तक किशोरी को बरामद नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों और किशोरी को बरामद करने के लिए दबिश दी जा रहीं है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा। ब्यूरो