सांगला (किन्नौर)। जिले के राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 पर शौंगठोंग के पास बुधवार को रिकांगपिओ पुलिस की टीम ने एक ट्रक चालक से अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रिकांगपिओ से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को रिकांगपिओ थाने से एएसआई नरेंद्र कुमार कौंडल की अगुवाई में गोपाल शर्मा, विशाल राणा और राकेश कुमार की टीम दोपहर बाद रूटीन चेकिंग पर थी। इसी दौरान कुरुक्षेत्र से खाद्य लेकर किन्नौर जिले के पूह की तरफ आ रहे एचआर 65 ए 4885 आयशर ट्रक को रोककर कागजात चेक किए। वहीं, इस दौरान पुलिस ट्रक की बारीकी से चेकिंग की गई तो ट्रक चालक से 18 हजार एमएल अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी एसआर राणा ने कहा कि पुलिस ने एक्साइज एक्ट 391 ए के तहत मामला दर्जकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।