सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसा है। कड़छम पुलिस की टीम ने बुधवार देर शाम को दो व्यक्तियों से करीब 17 हजार मिलीलीटर कच्ची अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कड़छम चौकी प्रभारी एएसआई नरेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी सुरेश कुमार और आरक्षी नीमा राम की टीम गश्त पर थी। इस दौरान बुधवार देर शाम करीब आठ बजे किल्बा गांव की ओर से आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने शक के आधार पर रोका। राकेश कुमार (46) निवासी सुजानपुर, जिला हमीरपुर, ट्रक चालक अपने हाथ में प्लास्टिक की बोरी लेकर आ रहा था। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो चालक से करीब आठ हजार एमएल कच्ची शराब बरामद की गई।
वहीं, कार्यवाहक थाना प्रभारी टापरी और चौकी प्रभारी कड़छम नरेंद्र कुमार, आरक्षी पंकज और नीमा राम की टीम बुधवार देर शाम सांगला तहसील के सापनी गांव में गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धनवीर नेगी (55), निवासी सापनी के मीट के खोखे में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने वहां से 9 हजार एमएल कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर एसआर राणा ने की है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति को लेकर जिले भर में अभियान छेड़ा गया है। पुलिस नशे मेें संलिप्त व्यक्ति को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी।