चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल पुलिस ने वीरवार रात चरस के साथ छह युवकों को गिरफ्तार किया है। वीरवार रात चेकिंग के दौरान उपमंडल मुख्यालय चौपाल से करीब दो किलोमीटर दूर लंक्कड़ वीर मंदिर परिसर के समीप एक युवक को 12 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त कार सवार पांच युवकों से 18.8 ग्राम चरस और 0.75 ग्राम चिट्टा पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार रात पुलिस की टीम गश्त पर थी। लंक्कड़ वीर मंदिर के समीप अरुण निवासी ठियोग की पुलिस ने शक के आधार पर तलाशी ली। अरुण के पास से 12 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने देहा की ओर से आ रही कार को चेकिंग के लिए रोका। कार में पांच युवक सवार थे। तलाशी के दौरान युवकों के पास से 18.8 ग्राम चरस और 0. 75 ग्राम चिट्टा बरामद की गई। सभी युवकों को पुलिस ने मौके पर से ही गिरफ्तार कर लिया है। युवकों की पहचान सुरेंद्र, राकेश, रणवीर सिंह, रजत, सुरेंद्र के रूप में हुई है। पांचों युवक देहा तहसील ठियोग के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
डीएसपी चौपाल वरुण पटियाल ने कहा कि मामले दर्ज कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।