रामपुर पुलिस ने पकड़ा 46 ग्राम चिट्टा।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के सामने पुलिस ने शुक्रवार को 46 ग्राम चिट्टे के साथ दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। ये युवक दिल्ली से चिट्टे की खेप लेकर आ रहे थे, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें पकड़ा। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस थाना रामपुर से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह पुलिस ने थाने के सामने की विशेष नाका लगा रखा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार संख्या एचपी 06 ए 8211 में बैठे लोग चिट्टा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शहर के बीचोंबीच विशेष नाका लगाया। जैसे ही कार यहां पहुंची तो पुलिस ने कार को रोका और पूछताछ शुरू की। स्वतंत्र ग्वाहों के सामने गाड़ी और गाड़ी में ले जाए जा रहे सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान व्हीकल एक्सेसरिज में दो स्टीरियो के डिब्बों की तलाशी ली और जब उन्हें खोला गया तो उनमें से दो पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर पाया गया कि इन पैकेट में चिट्टे की खेप लाई जा रही थी। कार में सवार दोनों भाई दिल्ली से चिट्टे की खेप लेकर रामपुर पहुंचे थे। दोनों आरोपियों की पहचान हंसराज और राकेश कुमार निवासी डकोलढ़, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भारतीय दंड संहित एनडीपीएस एक्ट 21 के तहम मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि रामपुर पुलिस ने विशेष नाके के दौरान दो भाईयों से 46 ग्राम चिट्टा पकड़ा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर तथ्य खंगालने में लगी हुई है।
शिमला जिले में थमने के बजाय बढ़ रहा सफेद जहर का कारोबार
केंद्र और प्रदेश सरकार ने भले ही नशे की रोकथाम को लेकर कानून में लाख संशोधन किए हों, लेकिन जिला शिमला में चिट्टे का कारोबार थमने के बजाय लगातार बढ़ता ही जा रहा है। ठियोग, शिमला, रोहडू, नारकंडा और रामपुर क्षेत्र में चिट्टे के मामलों में लगातार इजाफा होता जा रहा है, जिस पर लगाम लगाने को लेकर सरकार और सुरक्षा तंत्र के सभी इंतजाम फेल साबित हो रहे हैं।