आनी-गुगरा मार्ग पर खाई में गिरे ट्रैक्टर को निकालती जेसीबी मशीन।
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। पुलिस थाना आनी के अंतर्गत आने वाले आनी-गुगरा मार्ग पर वीरवार रात को बाहू के पास एक ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा आनी-गुगरा सड़क में आनी से करीब 6 किलोमीटर दूर बाहू के समीप पेश आया। जब यह ट्रैक्टर आनी की ओर आ रहा था और बाहु के पास अचानक चालक ट्रैक्टर पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क से करीब 10 फुट नीचे जा लुढ़का और चालक की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।
डीएसपी आनी तेजेंद्र वर्मा के अनुसार वीरवार रात को पेश आए हादसे में हाकिम पुत्र चूहडू राम, गांव पड़ी, डाकघर किल्लौर, तहसील सलूणी, जिला चंबा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद आनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आनी पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं एसडीएम आनी चेत सिंह ने दुर्घटना पर शोक जताया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन को प्रशासन ने फौरी राहत के तौर पर पंद्रह हजार रुपये की राहत राशि जारी की है।