रिकांगपिओ (किन्नौर)। संयुक्त सलाहकार कल्याण समिति एवं मासिक आपराधिक बैठक में एसपी किन्नौर ने सभी प्रभारियों को नशे के कारोबार पर नजर रखने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर 30 पुलिस कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। बैठक पुलिस लाइन रिकांगपिओ में एसपी किन्नौर एसआर राणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में एसपी ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया और अधिकतर समस्याओं का मौका पर ही समाधान किया गया। वहीं आश्वासन दिया कि कुछ मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करके उनका निपटारा किया जाएगा। बैठक में उप निरीक्षक कश्मीर सिंह, उप निरीक्षक राजेश पाल, उप निरीक्षक दलीप सिंह, उप निरीक्षक ज्ञान सिंह, गोपाल सिंह, शिव कुमार, अशोक राना और रीना सहित करीब 30 पुलिस कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
एसपी ने सभी प्रभारियों को सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान समस्त थाना प्रभारियों को उनकी कार्यप्रणाली में गुणवत्ता लाने, अन्वेषणाधीन अभियोगों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करने और अभियोगों का अन्वेषण वैज्ञानिक तरीकों से करने बारे दिशा निर्देश दिए। वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गश्त एवं नाकाबंदी को अधिक प्रभावशाली बनाने पर बल दिया। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय विपन कुमार, डीएसपी भावानगर राजू, जिला निरीक्षक अमर सिंह सहित सभी प्रभारी मौजूद रहे।