केंद्र सरकार ने सत्ता में आकर जनता के अधिकारों को छीनने का किया कार्य
सीपीआईएम के सम्मेलन में गरमाए कई ज्वलंत मुद्दे
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। केंद्र में जब से भाजपा की सरकार सत्ता में आई है, तबसे सरकार ने मेहनतकश जनता के अधिकारों को छीनने का काम किया है। किसानों को मिलने वाली सब्सिडी को खत्म किया जा रहा है। मजदूरों के हक में जो श्रम कानून हैं, उन कानूनों को चार श्रम संहिताओं मे बदल कर मजदूरों के विरोध में बनाया जा रहा है। सरकार की जनविरोधी नीतियों से देश में महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। यह बात चाटी में आयोजित सम्मेलन में सीपीएम के राज्य सचिवालय सदस्य राकेश सिंघा ने कही। मंगलवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लोकल एरिया कमेटी रामपुर का दूसरा सम्मेलन किसान मजदूर भवन चाटी में हुआ। सम्मेलन में रामपुर, निरमंड, किन्नौर, ननखड़ी और नारकंडा ब्लॉक के पार्टी सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन का उद्घाटन सीपीएम के राज्य सचिवालय सदस्य कॉमरेड राकेश सिंघा ने किया और सम्मेलन का समापन संजय चौहान ने किया। इस दौरान सिंघा ने कहा कि हर तीन साल के बाद हमारी पार्टी के सम्मेलन ब्रांच से लेकर अखिल भारतीय कमेटी तक होते हैं, जिसमे हम आगामी तीन वर्षों के लिए राजनीतिक और सांगठनिक कार्ययोजना बनाते हैं। जब से केंद्र में भाजपा की सरकार सत्ता में आई है, इस सरकार ने मेहनतकश जनता के अधिकारों को छीना है। किसानों को मिलने वाली सब्सिडी को खत्म किया जा रहा है। मजदूरों के हक में जो श्रम कानून हैं, उन कानूनों को चार श्रम संहिताओं में बदल कर मजदूरों के विरोध में बनाया जा रहा है। इन नीतियों से देश में मंहगाई, बेरोजगारी और आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी प्रदेश में इन नीतियों को लागू कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम कर रही है। प्रदेश में जिस तरह से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू किया जा रहा है, इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। सम्मेलन में इसका कड़ा विरोध जताया गया।
कमेटी का गठन
सम्मेलन में 15 सदस्यों की कमेटी का गठन भी किया गया। इसमें देवकी नंद को सचिव, कुलदीप, अमित, रणजीत, पूर्ण, प्रेम चौहान, काकू कश्यप, विजय राजटा, राजीव, राजन, मदन नेगी, सुखी राम और चुनी लाल को कमेटी का सदस्य चुना गया।