रामपुर नगर परिषद की गौशाला का 10 लाख रुपये की राशि से होगा विस्तारीकरण।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर क्षेत्र में दर्जनों लावारिस पशु घूम रहे हैं। हालांकि लावारिस पशुओं के संरक्षण को लेकर नगर परिषद एक गोशाला चला रही है। दिन प्रतिदिन बढ़ रही पशुओं की संख्या के कारण नप के पास पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
गौर हो कि हिमाचल प्रदेश गो संघ द्वारा नगर परिषद रामपुर में चलाई जा रही गोशाला के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। ब्रौ-वजीर बावड़ी मार्ग पर करीब 1 बीघा जमीन पर नगर परिषद गोशाला चला रही है। वर्तमान में रामपुर नप की इस गोशाला में 120 पशुओं को आश्रय दिया गया है। नप क्षेत्र में अभी भी दर्जनों पशु सड़कों पर घूम रहे हैं, जिन्हें पर्याप्त सुविधा न होने के कारण नगर परिषद आश्रय नहीं दे सकती। प्रदेश गो संघ से 10 लाख की राशि का प्रस्तावित होना नप के लिए कुछ राहत भरी खबर है। इस राशि से नगर परिषद एक शेड और पशुओं के चारे के लिए स्टोर का निर्माण करेगी। नया शेड बनने के बाद यहां करीब 200 पशुओं को आश्रय देने की व्यवस्था होगी। रामपुर में खनेरी, चूहाबाग, डकोलढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों लावारिस पशु घूम रहे हैं, जिन्हें सहारा देने में नगर परिषद सराहनीय भूमिका निभा रही है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हरि शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश गो संघ की ओर से नगर परिषद रामपुर की गोशाला के विस्तारीकरण को 10 लाख रुपये की राशि प्रस्तावित है। ड्राइंग तैयार कर भेजी जा रही है। धनराशि जारी होते ही गोशाला के विस्तारीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा। विस्तारीकरण के बाद इस गोशाला में करीब 200 पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी।
नगर परिषद अध्यक्ष सुमन घाघटा ने कहा कि करीब 35 वर्ष पूर्व नप क्षेत्र में पशुओं को पाला जाता था, लेकिन आज नप क्षेत्र में नाममात्र के पशु पाले जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों से पशुओं को सड़कों पर छोड़ दिया जाता है और ये पशु नप क्षेत्र में आकर लोगों की परेशानियों का सबब बन रहे हैं।