ठियोग में कोरोना जांच करते स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी।
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग(रामपुर बुशहर)। कोविड संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद प्रशासन ने कोविड टेस्ट की प्रक्रिया और तेज कर दी है। बीते दिनों एसडीएम कार्यालय ठियोग में भी कोरोना का एक मामला आने के बाद कार्यकाल को एहतियातन तीन दिनों के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद कार्यालय को पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कार्यालय में काम कर रहे सभी 18 कर्मियों के कोरोना टेस्ट लिए गए। सभी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एसडीएम ठियोग सौरभ जस्सल ने बताया कि सभी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। क्षेत्र में कुछ लोग कोरोना के लक्षण दिखने के बाद भी कोरोना के टेस्ट नहीं करवा रहे हैं। ऐसे लोगों को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। समय रहते कोरोना का टेस्ट होने के बाद एहतियात बरतने से इस माहामारी से बचा जा सकता है। वहीं मतियाना ब्लॉक के अंतर्गत कुल 40 लोगों के कोरोना टेस्ट लिए गए, जो सभी निगेटिव आए हैं। उधर, बीएमओ डॉ. राजेंद्र टेक्टा ने बताया कि क्षेत्र के लिए यह राहत की बात है।