रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में अभी तक कोई भी कोरोना का मामला सामने नहीं आया है। लेकिन, आए दिन रेड जोन से किन्नौर में कर्फ्यू पास बनवाकर प्रवेश करने वाले लोगों ने जिलावासियों को चिंता में डाल दिया है।
जिला किन्नौर में किसी भी बाहरी क्षेत्र या रेड जोन क्षेत्र से व्यक्ति प्रवेश न कर सके, इसके लिए सोमवार को ग्राम पंचायत कोठी, खवांगी और तेलंगी के प्रधानों ने जिला दंडाधिकारी गोपाल चंद को मांग पत्र सौंपा। पंचायत प्रधानों ने बताया कि प्रदेश के रेड जोन क्षेत्रों से जिला किन्नौर में आने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पास जारी किए जा रहे हैं। इससे किन्नौर में भी करोना संक्रमित व्यक्ति के आने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने मांग की है कि जिला किन्नौर में किसी भी बाहरी क्षेत्र या रेड जोन क्षेत्र से प्रवेश करने के लिए किसी को भी पास जारी न किया जाए।
अगर फिर भी कोई पास बनाकर किन्नौर में प्रवेश करता है तो चैकपोस्ट चौरा में ही क्वारंटीन करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि अगर स्वास्थ्य विभाग किसी को होम क्वारंटीन करने के लिए कहता है तो उसके लिए भी संबधित पंचायत को भी सूचित किया जाए। जिला दंडाधिकारी गोपाल चंद ने बताया कि जिले में पहले ही वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा रखा है। केवल मेडिकल इमरजेंसी और डेथ केस के लिए ही पास जारी किए जा रहे हैं। जिले के प्रदेश और अन्य बाहरी जिलों से इमरजेंसी केस के जो पास जारी किए जा रहे हैं वह उन जिला दंड अधिकारियों की ओर से ही जारी किए जा रहे हैं। चौरा चेक पोस्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात की गई है जहां पर जो भी व्यक्ति किन्नौर में प्रवेश कर रहा है उसकी स्क्रीनिंग की जा रही है।