व्हाट्सएप चैट और ऑनलाइन भुगतान से फॉरवर्ड लिंकेज का खुलासा
ठियोग पुलिस ने 12 अप्रैल को चिट्टा बरामदगी मामले में की कार्रवाई
8.340 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार आरोपी के साथ मिला लेन-देन
पुलिस नेटवर्क की कड़ियों ढूंढ रही
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर कोर्ट के एक चपड़ासी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 अप्रैल को ठियोग थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान की गई।
12 अप्रैल को पुलिस ने नंगलदेवी के पास कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कुलदीप वर्मा उर्फ आशू निवासी नलेहा से 8.340 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह चिट्टा हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू को सप्लाई करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों की जांच की, जिसमें दोनों के बीच व्हाट्सएप चैट में नशे के कारोबार से जुड़ी बातचीत सामने आई। साथ ही ऑनलाइन किए भुगतान ने भी अवैध लेन-देन की पुष्टि की।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हितेंद्र मेहता उर्फ रिंकू, जो जेएमएफसी कोर्ट ठियोग में चपड़ासी के पद पर कार्यरत है, को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ी गई है।
इस साल 214 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत 100 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 214 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 38 गिरफ्तारियां बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।