रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में एक समय जहां कोरोना संक्रमण के मामलों की भरमार लग गई थी, वहीं अब जिले में संक्रमण के मामले लगातार कम होते जा रहे हैं। सोमवार को जिले में संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 94 सैंपल लिए गए, जिनमें से 2 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 92 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव आने वालों में लिप्पा गांव की 60 वर्षीय महिला और रूशकलंग गांव की 13 वर्षीय किशोरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण को लेकर अभी भी एहतियात बरते की जरूरत है। जिले के लोग सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।