रिकांगपिओ (किन्नौर)। क्रय-विक्रय में जुटा व्यापारी वर्ग लगातार कोरोना संक्रमण की चपेट में आ रहा है। रामपुर, ननखड़ी के बाद अब जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित बाजार को आगामी 3 दिन के लिए बंद रखने के प्रशासन ने फरमान जारी किए हैं। मंगलवार को रिकांगपिओ बाजार के 26 व्यापारी कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद प्रशासन ने समूचे बाजार को बंद रखने के निर्देश दिए हैं और बुधवार को बाजार को सैनिटाइज किया गया।
उपमंडलाधिकारी कल्पा डॉ. अवनिंद्र कुमार ने बताया कि रिकांगपिओ स्थित बाजार के दुकानदारों के 6 दिसंबर को कोविड-19 के रैंडम सैंपल लिए गए थे। इनमें मुख्य बाजार के 26 दुकानदार कोविड पॉजिटिव पाए गए। कोविड-19 दिशानिर्देशों के अनुसार संपूर्ण रिकांगपिओ बाजार आगामी 48 घंटों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान केवल दवाई और आवश्यक वस्तुओं की ही दुकानें खुली रहेंगी। उन्होंने बताया कि रिकांगपिओ बाजार 11 दिसंबर सुबह 10 बजे तक बंद रहेगा। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण रिकांगपिओ की ओर से समूचे रिकांगपिओ बाजार को सैनिटाइज कर दिया गया है। उन्होंने रिकांगपिओ बाजार के सभी दुकानदारों को सलाह दी है कि आगामी 48 घंटों तक अपने घरों में आइसोलेशन मेें रहें। ऐसे सभी व्यक्ति जो पॉजिटिव पाए हैं, उनके प्राथमिक संपर्क में आए लोगों की स्वास्थ्य विभाग पहचान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो दुकानदार पॉजिटिव आए हैं, उनकी दुकानें स्वास्थ्य विभाग के निगरानी अधिकारी की सलाह के अनुसार ही खुलेंगी। अवनिंद्र कुमार ने कहा कि रिकांगपिओ बाजार में स्थित सभी बैंक, सरकारी, अर्ध सरकारी और निजी कार्यालय संचालकों को सलाह दी गई है कि वे भी कोविड की परिस्थितियों के मद्देनजर आगामी 48 घंटे तक बंद रखें और अपने कार्यालय परिसरों को सैनिटाइज करना सुनिश्चित बनाएं।