आनी (कुल्लू)। कोरोना के खतरे को देखते हुए एसडीएम आनी चेत सिंह ने सोमवार देर शाम फील्ड में उतरकर शादी समारोह में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समारोहों में सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं, इसके लिए उन्होंने पुलिस विभाग के साथ खनाग क्षेत्र में निरीक्षण किया। उन्होंने एसएचओ आनी बीआर मेहता के साथ मिलकर दो शादियों में व्यवस्थाओं को जांचा, जो सही पाई गईं।
उन्होंने पाया कि कोरोना से निपटने के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत समारोहों के लिए नियमानुसार अनुमति प्रदान की गई थी। साथ ही शादी में 50 से कम लोग मौजूद थे। इसके अलावा खाना बनाने वाले रसोइए के टेस्ट भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए गए थे। शादी समारोहों में आए सभी लोगों ने मास्क पहने हुए थे। एसडीएम ने समारोह आयोजकों और शादी में आए मेहमानों की ओर से कोरोना के खतरे को कम करने के लिए सरकारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना पर प्रसन्नता व्यक्त की। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने समारोह आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
उपमंडल में विभिन्न क्षेत्रों में कोरोना के दृष्टिगत सामाजिक समारोहों पर नजर रखने के लिए उड़नदस्तों का गठन किया गया है। उड़नदस्तों ने सोमवार को विभिन्न समारोहों में निरीक्षण किया है। बीडीओ आनी जीसी पाठक, बीडीओ निरमंड प्रिया नागटा, तहसीलदार आनी दिलीप शर्मा, एसडीओ लोनिवि आनी केएल सुमन, एसडीओ लोनिवि दलाश संजय, नायब तहसीलदार आनी विनोद ठाकुर और नायब तहसीलदार नित्थर गौरी दत्त शर्मा ने देर शाम तक विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक समारोहों में निरीक्षण किया है। यदि सरकारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया जाता है तो आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन लोगों की सेवा में सदैव तत्पर है।