रामपुर बुशहर/रिकांगपिओ। ऊपरी हिमाचल में कोरोना संक्रमण का फैलाव लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को जनजातीय जिला किन्नौर में 35 और रामपुर उपमंडल में 12 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में आइसोलेट किया गया है। वहीं, किन्नौर से आईजीएमसी भेजे गए सैंपलों में से 24 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
जनजातीय जिला किन्नौर में मंगलवार को कोविड-19 के 35 नए मामले सामने आए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में कोरोना के 119 सैंपल लिए गए थे, जिनमें 35 पॉजिटिव, जबकि 84 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पॉजिटिव आने वालों में 17 महिलाएं और 18 पुरुष शामिल हैं। संक्रमितों में क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ की एक महिला डॉक्टर सहित, रिकांगपिओ में 2, तेलंगी 1, सांगला 1, पूर्वणी 1, ब्रेलंगी 1, कारला स्पिलो 2, पूह 11, मलिंग 1, बीडीओ कार्यालय पूह 1, डेट सुंगरा 1, चगांव 1 और लिप्पा गांव के 2 लोग शामिल हैं। नेगी ने जिले के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, मंगलवार को रामपुर उपमंडल में 12 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें बीएमओ रामपुर के तहत 4, बीएमओ ननखड़ी के तहत 7 और खनेरी अस्पताल में एक मामला पेश आया है। संक्रमितों में 1 व्यक्ति बिलासपुर, देवनगर 1, तकलेच 1, भद्राश 1, धारगौरा 1 और ननखड़ी के 7 लोग शामिल हैं। तहसीलदार रामपुर कुलताज सिंह ने उपमंडल के लोगों से आवश्यक कार्यों से ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। उन्होंने सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। वहीं, कल्पा के एसडीएम डॉ. अवनेंद्र ने बताया कि रिकांगपिओ बाजार को सैनिटाइज किया जाएगा। इसके चलते बाजार बुधवार को 48 घंटे के लिए बंद रहेगा।