ठियोग (रामपुर बुशहर)। कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। आय दिन जगह-जगह स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-द्वार जाकर लोगों के कोरोना टेस्ट करने में जुटी है। इसके तहत रविवार को भी ठियोग के साथ लगते सैंज बाजार में व्यापारियों के अलावा स्थानीय लोगों के कोरोना टेस्ट किए गए। इस दौरान क्षेत्र में सब्जी, सैलून और ढाबा चलाने वालों के अलावा अन्य कई लोगों के 58 टेस्ट लिए गए। इनमें से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।
बीएमओ डॉ. राजेंद्र टेक्टा ने बताया कि यह ऊपरी शिमला के लिए राहत की बात है। कोरोना के मामले अब क्षेत्र में घटने लगे हैं। एसडीएम सौरभ जस्सल ने बताया कि सर्दी जुकाम के लक्षण होने के बावजूद कुछ लोग टेस्ट नहीं करवा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है। समय से टेस्ट हो जाने के बाद सही तरीके से इलाज किया जा सकता है। घरेलू नुस्खों को लोग न अपनाएं। वहीं, बीडीसी सदस्य संजय वर्मा ने लोगों से बिना मास्क घर से बाहर न निकलने की अपील की है।