रामपुर बुशहर। देश दुनिया के साथ साथ रामपुर उपमंडल में भी कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को रामपुर में कोरोना संक्रमण के कुल 13 मामले पेश आए हैं, जिनमें खनेरी अस्पताल के ऑर्थो डॉक्टर और एक केमिस्ट भी शामिल हैं। वहीं एक दिन के लिए खनेरी अस्पताल की ओपीडी लोगों के लिए बंद कर दी गई है।
लगातार बढ़ रहे संक्रमण के मामलों से लोगों में डर पैदा हो गया है। मंगलवार को भी चार जिलों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र रामपुर सूना दिखा। आईपीएच रेस्ट हाउस में हुई कोरोना सैंपलिंग के दौरान जहां 9 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वहीं खनेरी अस्पताल में भी संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं। इनमें एक ऑर्थो डॉक्टर, एक केमिस्ट, रामपुर बाजार के पांच, पुलिस, गृहरक्षा और अग्निशमन विभाग का एक-एक कर्मी शामिल हैं। डकोलढ़ और किन्नू पंचायत में भी एक-एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना संक्रमण क्षेत्र में लगातार अपने पांव पसारता जा रहा है। हालांकि इन 13 मामलों के सामने आने के बाद क्षेत्र में एक्टिव मामलों की संख्या 87 पहुंच गई है। वहीं आनी में मंगलवार को दो लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं।
उधर, एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि रामपुर में मंगलवार को 13 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रशासन इन लोगों के संपर्क में आए लोगों की सूची बनाने में जुटा हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से संक्रमण से बचने को ऐहतियात के सभी जरूरी कदम उठाने की अपील की है।