आनी (कुल्लू)। खेगसू सब्जी मंडी में होम क्वारंटीन किए गए चार लदानियों और एक मजदूर के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद खेगसू मंडी में सेब बिक्री को लेकर असमंजस का माहौल है। खेगसू मंडी में व्यापार सुरक्षित जारी रहे, इसके लिए आढ़ती एसोसिएशन ने बैठक कर आगामी रणनीति तैयार की। खेगसू फल एवं सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने दो दिन तक मंडी में सेब कम मात्रा में लाने की बागवानों से अपील की है। खेगसू फल एवं सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान ज्ञान ठाकुर ने बताया कि उन्होंने वीरवार देर शाम को बैठक में निर्णय लिया कि दो दिन में सब्जी मंडी को पूरी तरह सेनिटाईज कर दिया जाएगा। जबकि, सब्जी मंडी में काम कर रहे हर मजदूरों को क्वारंटीन कर उनके कोविड-19 के टेस्ट करवाए जाएंगे। रिपोर्ट आने तक वैकल्पिक मजदूरों से काम चलाया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सेब की खरीद-फरोख्त सुबह 9 से शाम 6 बजे तक होगी। ज्ञान ठाकुर ने सभी बागवानों से सहयोग की उम्मीद करते हुए सावधान रहने की अपील की है।
उधर, एसडीएम आनी चेत सिंह ने बताया कि खेगसू मंडी में पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद सेब मंडी का दौरा किया गया है। जो भी लोग संक्रमित लोगों के प्राइमरी संपर्क में आए हैं, ऐसे 24 लोगों को ट्रेस करने के बाद सभी के कोरोना सैंपल लिए गए हैं, जिसके बाद सभी क्वांरटीन कर दिए गए हैं।