रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर की ग्राम पंचायत जंगी का प्रतिनिधिमंडल एवं कोविड-19 कमेटी जंगी के पदाधिकारी सोमवार को कमेटी अध्यक्ष डॉ. जंगछुप नेगी की अध्यक्षता में सहायक आयुक्त मुनीश कुमार से मिले।
कमेटी ने जंगी में टिंडोंग कंपनी के संस्थागत क्वारंटीन में रखे मजदूरों की निगरानी के लिए होमगार्ड के जवानों की तैनाती करने के बारे में मांग पत्र सौंपा ।
कमेटी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने मांग पत्र में बताया कि जंगी क्षेत्र में कोविड-19 के अत्यधिक मामले आने के कारण ग्रामवासियों में भी संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। जंगी क्षेत्र में टिंडोंग कंपनी के करीब दो सौ बाहरी राज्यों के मजदूरों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। जिस जगह इन मजदूरों को रखा गया है, वहां गांव के लोगों को घास, लकड़ी और पत्तियां आदि लेने के लिए जंगल में जाना पड़ता है। इससे जंगी क्षेत्र के लोग अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि टिंडोंग कंपनी के मजदूरों को जंगी के क्षेत्र में न रखा जाए। उन पर निगरानी रखने के लिए होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएं। ये मजदूर जंगल में इधर-उधर भी जा रहे हैं। ग्रामवासी अपने स्तर पर ही इन मजदूरों पर निगरानी रखने के लिए पहरा दे रहे हैं लेकिन फिर भी निगरानी एवं देखरेख के लिए होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाए। इस अवसर पर राहुल नेगी, डॉ. रत्न छोंडुव नेगी और अमीर पाल नेगी मौजूद रहे।