रामपुर बुशहर/ज्यूरी। देश में आज जहां कोरोना संक्रमण के मामले दो लाख के पार पहुंच गए हैं, वहीं रामपुर उपमंडल में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। दिल्ली से रामपुर पहुंचे व्यक्ति को ज्यूरी में संस्थागत क्वारंटीन किया गया था, जिसकी रिपोर्ट अब पॉजिटिव पाई गई है। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए व्यक्ति को कोविड केयर सेंटर मशोबरा (शिमला) भेज दिया है। वहीं, इसके साथ रह रहे एक अन्य व्यक्ति के भी दोबारा सैंपल लिए गए हैं। रामपुर में कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आने के बाद क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं।
गौरतलब है कि 27 मई को दिल्ली से आ रही एक बस में चार लोग रामपुर उतरे थे। संक्रमण के खतरे को देखते हुए इन लोगों को ज्यूरी स्थित एक भवन में संस्थागत क्वारंटीन किया गया था। ये चारों दिल्ली में नौकरी करते थे। बुधवार सुबह जैसे ही एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना मिली तो प्रशासन की देखरेख में उसे कोविड केयर सेंटर मशोबरा (शिमला) भेजा गया। क्वारंटीन सेंटर में इस व्यक्ति के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था, जिसके सैंपल ले लिए गए हैं। साथ ही जिस भवन में ये लोग रह रहे थे उसे भी सील कर दिया गया है। दिल्ली से जब यह व्यक्ति रामपुर आ रहा था तो इसके साथ अन्य लोग ठियोग, कुमारसैन और किन्नौर भी पहुंचे थे। इसी बस में सवार किन्नौर के एक दंपती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ऐसे में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इन सभी लोगों के फिर से सैंपल ले रहा है।
कोरोना संक्रमण के दौर में अब तक बाहरी क्षेत्रों से रामपुर में करीब दो हजार लोग पहुंचे हैं। वर्तमान में करीब 70 लोग संस्थागत क्वारंटीन, जबकि 700 लोग होम क्वारंटीन हैं। इन पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग बराबर निगरानी रख रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक अब लोगों को एहतियात बरतने की अधिक आवश्यकता है। एसडीएम नरेंद्र चौहान ने बताया कि क्वारंटीन सेंटर को सील कर दिया गया है। व्यक्ति के साथ रह रहे एक अन्य व्यक्ति के फिर से सैंपल लिए गए हैं। वर्तमान में 70 संस्थागत और 700 लोग होम क्वारंटीन हैं। उन्होंने उपमंडल के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।