चौपाल (रोहडू)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उपमंडल चौपाल की 54 पंचायतों में महिला ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी चौपाल अरविंद गुलेरिया ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रही हैं। इनकी राष्ट्र की उन्नति और प्रगति में बराबर की हिस्सेदार है।
ग्राम पंचायत देवत में प्रधान शांता जनदेव की अध्यक्षता में महिला ग्राम सभा में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। प्रधान शांता जनदेव ने कोरोना वायरस से बचाव के बारे में जागरूक किया। कहा कि लोगों को खांसते और छींकते समय रुमाल अथवा कोई कपड़ा मुंह पर अवश्य रखना चाहिए। दूसरों से वार्तालाप करते समय उचित दूरी बनाए रखने के साथ कम से कम लोगों से हाथ मिलाएं। जंगली और पालतू जानवरों के साथ असुरक्षित संपर्क से बचें। पंचायत निरीक्षक श्रेया मानवी चौहान ने कहा कि विकास खंड चौपाल की सभी 30 पंचायतों में महिला ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इनमें महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।