रामपुर बुशहर। कोरोना संक्रमण ने रामपुर में अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सोमवार को भी उपमंडल में कोरोना संक्रमण के आठ मामले सामने आए हैं। संक्रमित आए सभी लोगों को होम आइसोलेट किया है। प्रशासन लोगों से लगातार सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।
गौर हो कि रामपुर में बीते दो सप्ताह से कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को रामपुर में कोरोना संक्रमण के आठ मामलों का खुलासा हुआ है। संक्रमितों में रामकृष्ण जीवा राम फर्म के चार कर्मी, अग्निशमन विभाग के दो कर्मी, एक आईटीबीपी जवान और एक व्यक्ति रामपुर के चूहाबाग का रहने वाला है। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार पर लगाम लगाना मुश्किल साबित हो रहा है। जिस तरह से संक्रमण के मामले पेश आ रहे हैं, उससे लगता है कि आगामी भविष्य में स्थिति और भी गंभीर होने वाली है। बहरहाल प्रशासन इन लोगों के प्राथमिक संपर्क में आए लोगों की जांच में जुटा है। लोगों को संक्रमण से बचने के लिए सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना करने की अपील की जा रही है।
तहसीलदार रामपुर कुलताज सिंह ने बताया कि सोमवार को उपमंडल में आठ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सभी का उपचार चल रहा है। उन्होंने उपमंडल के लोगों से सुरक्षा के लिहाज से जारी की जा रही एडवायजरी का सख्ती से पालन करने की अपील की है।