रिकांगपिओ (किन्नौर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने जिलावासियों से कोरोना महामारी से बचाव के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब तक इस बीमारी की कोई दवा नहीं आ जाती, तब तक हमें सावधानियां बरतकर ही बचाव करना होगा।
उन्होंने कहा कि बुखार, नाक बहना, कमजोरी महसूस होना, सांस लेने में दिक्कत आने, गले में खराश, सूखी खांसी, छींकना, शरीर में दर्द या जकड़न की शिकायत होने पर तुरंत चिकित्सकों से अवश्य परामर्श लें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क से मुंह ढक कर रखें। हाथ नियमित रूप से साबुन से धोते रहें और दो गज की आवश्यक दूरी की अनुपालना करें।
नेगी ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए कुछ घरेलू उपाय भी अपनाए जा सकते हैं। जैसे दिन में बार-बार गर्म पानी पीएं, गर्म पानी में नमक और हल्दी मिलाकर गरारें करें, तुलसी, दालचीनी, सौंठ और मुनक्का से बनी चाय या काढ़ा पीएं। उन्होंने कहा कि कोई भी संक्रमण या बीमारी हमें तब प्रभावित करती है, जब हमारी रोध-प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। अपनी रोध-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर और सकारात्मक सोच बढ़ाकर सहित दृढ़ इच्छा-शक्ति से इस बीमारी को हराया जा सकता है। उन्होंने आग्रह किया है कि मोबाइल में आरोग्य सेतु एप अवश्य डाउनलोड करें।