रामपुर बुशहर। यदि आपके इलाके में कोई भी व्यक्ति बाहर से आता है तो तुरंत इसकी सूचना अपने जन प्रतिनिधियों को दें। कोरोना संक्रमण के दौर में अब जहां अनलॉक-1 शुरू हो गया है, वहीं ऐसे में लोगों की आवाजाही पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। हालांकि, संक्रमण का दौर अभी थमा नहीं है, जिसे देखते हुए सभी लोगों को सावधानी बरतना अनिवार्य है। लोगों को सरकारी निर्देशों की पालना के साथ अपने आसपास के माहौल में भी सतर्कता बरतनी होगी।
कोविड-19 कोरोना संक्रमण के चलते 24 मार्च से लगे लॉकडाउन के बाद प्रदेश के सभी जिलों की सीमाओं को सील करने के साथ विशेष नाके लगाए गए थे, लेकिन अब अनलॉक-1 शुरू होने के बाद नाकों में कटौती की जा रही है। ऐसे में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए सरकार ने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश जारी किए हैं। रामपुर और आनी उपमंडल की पंचायतों के प्रधानों, सचिवों और कोरोना संक्रमण बचाव को लेकर बनाई गई निगरानी कमेटियों को निर्देश जारी कर इसके बारे में सूचित किया गया है। अब इन लोगों पर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सूची तैयार करने का जिम्मा रहेगा। बीडिओ निरमंड पुष्पा देवी ने बताया कि बाहरी क्षेत्रों से पंचायतों में पहुंचने वाले लोगों की सूचना पंचायत प्रधान, सचिव और निगरानी कमेटी को एकत्रित करनी होगी। यदि कोई व्यक्ति जानकारी छुपाता हुआ पाया गया तो उस पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।