एक वर्ष से निर्माण कार्य ठप, ग्रामीणों में रोष
हजारों लोगों को नहीं मिल रहा बेहतर लाभ, पंचायत घर में चल रही पीएचसी
पेंट, पानी और बिजली का कार्य अटका
राजेंद्र ठाकुर
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील के तहत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देलठ भवन का निर्माण कार्य बजट के अभाव में एक साल से लटका हुआ है। ऐसे में लोगों में भारी रोष है। वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देलठ पंचायत घर में चल रहा है। ग्रामीणों को उपचार के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब दो करोड़ 10 लाख की लागत से पीएचसी भवन का निर्माण होना था। इसमें करीब डेढ़ करोड़ की राशि खर्च हो चुकी है। अभी भी भवन में पेंट, पानी और बिजली का कार्य अटका हुआ है। हालांकि, भवन बन कर तैयार हो चुका है। लोगों को कब इसका लाभ मिलेगा, इस बारे कुछ कहा नहीं जा सकता है। वर्तमान समय में पंचायत घर में पीएचसी चल रही है। ऐसे में मरीज बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। भवन का कार्य सिरे न चढ़ने के कारण ग्रामीणों में भारी रोष है। भवन के बनने से दो पंचायतों के हजारों लोगों को मिला है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्र के ग्रामीण अमीर सिंह, पलस राम, भुवनेश शर्मा, देवेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, संतोष कुमार, राजेंद्र ठाकुर, मनोज कुमार, प्रीतम सिंह और हरबंस सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन से पीएचसी भवन निर्माण कार्य को पूरा करने की मांग उठाई है, ताकि हजारों मरीजों को घर द्वार बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके।
बजट के अभाव के कारण कार्य ठप पड़ा हुआ है। करीब दो करोड़, 10 लाख का कार्य ठेकेदार को अवार्ड हुआ था। इसमें एक करोड, 50 लाख का बजट आया था और एक करोड़, 50 लाख का कार्य भी पूरा हो चुका है। शेष कार्य का अभी पैसा नहीं आया है। - बृज लाल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग रामपुर