रिकांगपिओ (किन्नौर)। जीएसटी में रियायत को लेकर जिले के व्यापारियों, गृहिणियों और ग्रामीणों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। अधिकतर लोगों ने इसे ऐतिहासिक कदम भी बताया है। लोगों का कहना है कि अब गरीब परिवार, मध्यम परिवार को राहत मिलेगी।
रिकांगपिओ के कारोबारी नागेश कुमार नेेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी की दरें कम कर आम आदमी और मध्यम वर्ग को बहुत लाभ दिया है। रोजमर्रा के उपयोग होने वाली वस्तुओं समेत 99 फीसदी समान अब पांच फीसदी स्लैब में आ गया है। केंद्र सरकार ने नवरात्र और दीपावली के मौके पर जनता को तोहफा दिया है।
विज्ञापन
दुर्गा मेडिकल स्टोर के संचालक तारा चंद ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और आम जनमानस की भलाई के लिए केंद्र सरकार ने 36 दवाओं को शून्य कर और अन्य दवाओं को पांच फीसदी कर के दायरे में रखा है। मरीजों को अब काफी राहत मिलेगी।
तेलंगी गांव के 75 साल की गृहिणी भगवान दासी नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी की नई दरें लागू करने से हजारों गृहिणियों को लाभ मिलेगा। खाद्य सामग्री और रसोई में खाने के समान पर जीरो टैक्स करने पर खुशी जाहिर की। रसोई समान से लेकर गाड़ी, दवाइयां अब आम आदमी की पहुंच में किया है।
कारोबारी सरदार जसविंदर सिंह सेठी का कहना है कि पहले किताबें और कॉपी पर पांच फीसदी टैक्स लगता था, लेकिन अब कॉपी-किताबों को फ्री कर दिया है, लेकिन कॉपी-किताबों के रॉ मटेरियल पर 18 फीसदी टैक्स लगा रहा है। यह कैसी विडंबना है। अब नई जीएसटी में दो तरह का स्लैब लगा रखा है। इसकी भरपाई कौन करेगा।